पुलिस को बड़ी सफलता: नकली नोट की सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो बदमाश गिरफ्तार, जानिए इसका आतंकी कनेक्शन


पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे बेहद कम पैसों में नोट खरीदकर उनको दिल्ली-एनसीआर व देश के दूसरे शहरों में देते थे। हर नोट पर अच्छी रकम मिल जाती है। दिल्ली और यूपी में इन नोटों को बाजार में चलाना भी आसान है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर इनके बाकी साथियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

सांकेतिक तस्वीर

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने नकली नोटों से जुड़े एक मामले में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मालदा, पश्चिम बंगाल निवासी अनीकुल इस्लाम (24) और शारिकुल शेख उर्फ साहिम (21) के रूप में हुई है। दोनों पश्चिम बंगाल के मालदा से नकली नोट ला कर दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई कर रहे थे। पुलिस ने इनके पास से दो-दो हजार के 200 नोट बरामद किए हैं। बरामद सभी नकली नोट इंडो-बांग्लादेश बॉर्डर के रास्ते पश्चिम बंगाल आ रहे थे। यहां से इनको देश के दूसरे हिस्सों में भेजा रहा था। नकली नोट से होने वाली कमाई के ज्यादातर हिस्से का इस्तेमाल आतंकी घटनाओं को अंजाम देने में किया जा रहा था। स्पेशल सेल की टीम पकड़े गए दोनों बदमाशों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया है कि इससे पूर्व तीन-चार बार में वह 20 लाख से अधिक के नकली नोट दिल्ली एनसीआर में सप्लाई कर चुके हैं।

स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त राजीव रंजन सिंह ने बताया कि उनकी टीम को पिछले करीब चार माह से इनपुट मिल रहे थे कि नकली नोटों का कारोबार करने वाला एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह देश में एक्टिव है। नोटबंदी के बाद इस तरह के नेटवर्क बिल्कुल खत्म हो गए थे। लेकिन समय बीतने के साथ ही पड़ोसी देशों ने भारत को नुकसान पहुंचाने का काम दोबारा शुरू कर दिया था। जांच के दौरान टीम को शुक्रवार को सूचना मिली कि नकली नोटों का धंधा करने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह का बदमाश दिलशाद गार्डन मेट्रो स्टेशन के पास आने वाला है। 

सूचना के बाद पुलिस ने जाल बिछाया। इसी बीच दोनों बदमाश अपने किसी साथी को नोट सप्लाई करने पहुंचे। पुलिस ने दोनों को मौके पर दबोच लिया। इनके पास बैग से दो-दो हजार के नकली नोट बरामद हुए। पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि यह मालदा पश्चिम बंगाल से नोट लेकर दिल्ली आए हैं। इनके पास से कुल दो हजार के 200 नोट बरामद हुए।

टिप्पणियाँ